top of page

विधानसभा: आम नागरिक के सवाल( पन्द्रहवी कड़ी ) -

प्रस्तुत करते हैं एक सीरीज जिसमें मध्य प्रदेश विधान सभा के विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं, प्रश्नों एवं उनके उत्तरों का आम नागरिक के सरोकार स्पष्ट होता है।


ये सवाल मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए हैं। इस प्रश्नोत्तरी को आम नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। क्यों जरूरी हैं? क्योंकि ये सवाल हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों से पूछे गए हैं। सीधे शब्दों में कहें तो ये सवाल हमारे ही हैं! हमें यह जानना चाहिए कि जिन नेताओं को हमने चुना, क्या वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं या नहीं? आइए, मिलकर इन सवालों के जवाब तलाशें।


इस सीरीज कि पन्द्रहवी कड़ी में श्री उमंग सिंघार जी जो धार जिले की गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के नेता प्रतिपक्ष भी हैं, उनके द्वारा किए गए प्रश्नों को जानने का प्रयास करते हैं - नेता प्रतिपक्ष का प्रश्न  (क्र. 2919) क्या राज्य मंत्री, वन महोदय: यह बताने की कृपा करेंगे कि (क) सागर जिले के अंतर्गत नौरादेही अभयारण्य में कितने गांव का व्यवस्थापन किया जाना है? (ख) कितने गांवों का व्यवस्थापन किया जा चुका है? (ग) विस्थापितों हेतु कुल कितनी राशि के अवार्ड अभी तक पारित किये गये हैं? (घ) संरक्षित क्षेत्र, टाईगर रिजर्व कोरीडोर क्षेत्र के ग्रामों में निवासरत प्रत्येक परिवारों को कुल राशि एवं भूमि दिये जाने का प्रावधान किया गया है? (ड.) प्रश्न (ग) एवं (घ) के प्रकाश में व्यवस्थापन की कितनी राशि किस खाते में कितनी अभी तक जमा है उस पर कुल कितना ब्याज प्राप्त हुआ है? ब्याज की राशि क्या उपयोग किया गया है?


उन्हे प्राप्त उत्तर इस प्रकार है: राज्य मंत्री, वन (श्री दिलीप अहिरवार): (क) वीरांगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व (तत्समय नौरादेही अभयारण्य) के अंतर्गत स्थित 93 ग्रामों का विस्थापन किया जाना है। (ख) वीरांगना दुर्गावती टाईगर रिजर्व (तत्समय नौरादेही अभयारण्य) के अंतर्गत वर्तमान तक 38 ग्रामों का विस्थापन किया जा चुका है। (ग) वर्तमान तक 38 ग्रामों के 5011 पात्र परिवारों को रूपये 6,68,06,06,193/- के अवार्ड पारित किए गये तथा राशि हितग्राहियों के बैंक खाते में हस्तांतरित की जा चुकी है। (घ) जी हाँ।

(ङ) संरक्षित क्षेत्रों से ग्रामों के विस्थापन के पूर्व ग्रामसभा की विस्थापन हेतु सहमति प्राप्त होने तथा बजट प्राप्त होने पर विस्थापन पैकेज राशि को संबंधित जिला कलेक्टर के पी.डी. खाता में हस्तांतरण कर दिया जाता है। कलेक्टर पी.डी. खाता ब्याज रहित होता है। ग्राम विस्थापन हेतु समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर जिला कलेक्टर द्वारा विस्थापन पैकेज की राशि का हस्तांतरण संबंधित ग्राम के पात्र हितग्राही के बैंक खाते में कर दिया जाता है एवं खाते में जमा राशि पर संबं हितग्राही को ही बैंक से ब्याज प्राप्त होता है, अतः शेष प्रश्न उपस्थित नहीं होता है।

 


जाहीर है कि सवाल एवं उसके जवाब पेंचीदा हैं। इनको आसान भाषा में समझना आवश्यक है।


सवाल : श्री उमंग सिंधार ने पूछा कि नौरादेही अभयारण्य (सागर) में कितने गांवों का विस्थापन होना है, अब तक कितने गांवों का हो चुका है, और विस्थापितों को कितनी राशि मिली है । साथ ही टाइगर रिज़र्व क्षेत्र के गांवों में हर परिवार को कितनी जमीन और पैसा मिलेगा । इसके अलावा, विस्थापन के लिए अब तक कितनी राशि किस खाते में जमा है, उस पर कितना ब्याज मिला और उस ब्याज का क्या उपयोग हुआ, यह जानकारी भी मांगी गई है।


जवाब: - वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में कुल 93 गांवों को हटाया जाना है, जिनमें से अभी तक 38 गांव हटाए जा चुके हैं। इन गांवों के 5011 परिवारों को करीब ₹668 करोड़ की राशि दी जा चुकी है। हर परिवार को जमीन और पैसा दिया जाता है। यह पैसा पहले कलेक्टर के खाते में जाता है, फिर सीधे परिवारों को ट्रांसफर कर दिया जाता है। कलेक्टर का खाता बिना ब्याज का होता है, और बैंक में जो ब्याज मिलता है, वो परिवारों को ही मिलता है, इसलिए बाकी सवाल लागू नहीं होते।




मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए—सवाल जो आम जनता की समस्याओं और उनकी उम्मीदों से जुड़े हैं। लेकिन क्या इन सवालों के जो जवाब मिले, वे आपको संतुष्ट करते हैं? हमें अपने जवाब editor@matdaan.com में प्रेषित करें।


लेखक- राहुल दुबे


संबंधित जानकारी हेतु - मध्य प्रदेश विधानसभा ,प्रश्नोत्तरी – सूची ,मार्च 2025 सत्र, मंगलवार दिनांक 18 मार्च 2025 , तार्किक प्रश्न उत्तर ।   


वेबसाईट- https://mpvidhansabha.nic.in/

Comments


bottom of page