विधानसभा: आम नागरिक के सवाल ( अट्ठाईसवीं कड़ी )
- Rahul Dubey

- Jun 11
- 5 min read
प्रस्तुत करते हैं एक सीरीज जिसमें मध्य प्रदेश विधान सभा के विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं, प्रश्नों एवं उनके उत्तरों का आम नागरिक के सरोकार स्पष्ट होता है।
ये सवाल मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए हैं। इस प्रश्नोत्तरी को आम नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। क्यों जरूरी हैं? क्योंकि ये सवाल हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों से पूछे गए हैं। सीधे शब्दों में कहें तो ये सवाल हमारे ही हैं! हमें यह जानना चाहिए कि जिन नेताओं को हमने चुना, क्या वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं या नहीं? आइए, मिलकर इन सवालों के जवाब तलाशें।
इस सीरीज कि अट्ठाईसवीं कड़ी में श्री हेमंत सत्यदेव कटारे जी जो भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के विपक्ष के उपनेता भी हैं, उनके द्वारा किए गए प्रश्नों को जानने का प्रयास करते हैं - नेता प्रतिपक्ष का प्रश्न (क्र. 2560) श्री हेमंत सत्यदेव कटारे: क्या राजस्व मंत्री महोदय यह बताने की कृपा करेंगे कि (क) ग्राम सिदगुवां, तहसील व जिला सागर पटवारी हल्का 79, खसरा नं. 706 (बी) की भूमि की वर्ष 2000 से वर्तमान तक की नोईयत की जानकारी अभिलेख अनुसार दी जाये कि उक्त भूमि कब तक शासकीय रही तथा कब निजी दर्ज की गई? अभिलेख की प्रमाणित प्रतियों सहित उपलब्ध करायी जाये। (ख) क्या उक्त सागर के बहरिया चौराहे की शासकीय हाइवे से लगी बेशकीमती भूमि का पट्टा ग्राम बामोरा के सरपंच के परिजन अंकित पुत्र रुद्रप्रताप सिंह ठाकुर के नाम नि 36 (4) पट्टा की गई? यदि हाँ, तो वर्तमान में उक्त भूमि का बाजार मूल्य की जानकारी सहित भूमि का पट्टा देने का आधार क्या रहा की जानकारी उपलब्ध करायी जाये। (ग) क्या उक्त बेशकीमती शासकीय भूमि पर राजनैतिक प्रभाव से नियम विरुद्ध आलीशान विनायक रेसीडेन्सी नाम का होटल का निर्माण कराया जा रहा है? यदि हाँ, तो क्या इसकी जांच कराकर कार्यवाही करायी जायेगी? (घ) तहसील सागर के ही पटवारी हल्का बारछा अंतर्गत ग्राम चिटाई के खसरा नं. 4/2, 27/3, 32/2, 37/1, 25, 2 एवं 3 का अभिलेख अनुसार कुल रकबा, भूमि स्वामी आदि की जानकारी सहित वर्तमान में खसरा नं. 2, 3, 10, 19 पर अन्य द्वारा बेजा कब्जा किया हुआ है? अभिलेख अनुसार बेजा कब्जे की भूमि किसकी है, उसका कुल रकबा कितना है? आदि सहित बेजा कब्जा करने वाले का नाम, पता संबंधी जानकारी दी जाये। (ड.) क्या ग्राम चिटाई के खसरा नं. 2, 3, 10, 19 की सैंकडों एकड़ भूमि पर किये बेजा कब्जा को हटाने हेतु कोई शिकायत प्राप्त हुई अथवा बेजा कब्जा हेतु ग्रामीणों में आक्रोश/असंतोष हैं? यदि हाँ, तो अनधिकृत बेजा कब्जा कब तक हटा दिया जायेगा?

इन प्रशन्नो पर उन्हे प्राप्त उत्तर इस प्रकार है: राजस्व मंत्री (श्री करण सिंह वर्मा): (क) जी हाँ, जानकारी पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट "अ" अनुसार है। (ख) ग्राम सिदगुवां, तहसील व जिला सागर पटवारी हल्का नंबर 79 स्थित भूमि खसरा नंबर 706 वर्ष 2000 से वर्तमान तक की नोईयत रकवा 0.76 है. आबादी मध्यप्रदेश शासनके रूप में दर्ज हैं। उक्त भूमि वर्तमान भू-अभिलेखों में दर्ज नोईयत आबादी म.प्र. शासन दर्ज है। अभिलेख पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट "ब" अनुसार है। उक्त भूमि खसरा नंबर 706 में शासन द्वारा चलायी गयी स्वामित्व योजनांतर्गत न्यायालय कलेक्टर सागर के द्वारा भू अधिकार प्रमाण-पत्र प्रदाय किया गया है। जिसका बाजार मूल्य रूपये 36.30,000-00 अंकन छत्तीस लाख तीस हजार रूपये है। भूमि पर भू-अधिकार प्रमाण-पत्र नियमानुसार प्रदाय किया गया है। (ग) उक्त भूमि पर पूर्व से विनायक रेसीडेंसी नाम का होटल निर्मित है। इसकी जांच कर नियमानुसार कार्यवाही की जावेगी। (घ) तहसील सागर के पटवारी हल्का बारछा अन्तर्गत ग्राम चिटाई के खसरा नंबर 4/2, 27/3, 32/2, 37/1, 25, 2 एवं 3 का वर्तमान राजस्व अभिलेख अनुसार जानकारी इस प्रकार है:-

जाहीर है कि सवाल एवं उसके जवाब पेंचीदा हैं। इनको आसान भाषा में समझना आवश्यक है।
सवाल : - श्री हेमंत सत्यदेव कटारे ने राजस्व मंत्री से जानकारी मांगी कि सागर जिले की तहसील सागर के ग्राम सिदगुवां स्थित खसरा नंबर 706 (बी) की भूमि वर्ष 2000 से अब तक अभिलेखों में किस स्थिति में रही, कब तक यह शासकीय भूमि रही और कब इसे निजी दर्ज किया गया, साथ ही इससे संबंधित प्रमाणित अभिलेख भी उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या सागर के बहरिया चौराहे पर शासकीय हाईवे से लगी बहुमूल्य भूमि का पट्टा ग्राम बामोरा के सरपंच के परिजन अंकित पुत्र रुद्रप्रताप सिंह ठाकुर के नाम पर नियम 36(4) के अंतर्गत किया गया है, और यदि हाँ, तो उस भूमि का वर्तमान बाजार मूल्य और पट्टा दिए जाने का आधार क्या रहा। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या इस भूमि पर राजनीतिक प्रभाव के चलते नियमों की अनदेखी कर 'विनायक रेसीडेन्सी' नामक आलीशान होटल का निर्माण कराया जा रहा है, और यदि यह सत्य है, तो क्या इसकी जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने तहसील सागर के पटवारी हल्का बारछा के ग्राम चिटाई के विभिन्न खसरा नंबरों की भूमि का कुल रकबा, भूमि स्वामियों की जानकारी और खसरा नंबर 2, 3, 10, 19 पर किसी अन्य द्वारा किए गए अवैध कब्जे के बारे में पूछा। उन्होंने यह स्पष्ट करने को कहा कि उक्त कब्जा किस भूमि पर है, उसका रकबा कितना है और कब्जा करने वाले का नाम-पता क्या है। अंत में उन्होंने यह जानना चाहा कि क्या ग्रामवासियों में इस बेजा कब्जे को लेकर आक्रोश या शिकायतें दर्ज हुई हैं, और यदि हाँ, तो यह अनधिकृत कब्जा कब तक हटाया जाएगा।
जवाब :- राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने जानकारी दी कि सागर जिले के ग्राम सिदगुवां की खसरा नंबर 706 भूमि, जिसका रकबा 0.76 हेक्टेयर है, वर्ष 2000 से वर्तमान तक “आबादी मध्यप्रदेश शासन” के नाम दर्ज है। यह भूमि वर्तमान में भी शासन के स्वामित्व में है। न्यायालय कलेक्टर सागर द्वारा इस पर स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार प्रमाण-पत्र जारी किया गया है, जिसका बाजार मूल्य ₹36,30,000 है। यह प्रमाण-पत्र नियमानुसार जारी किया गया है। मंत्री ने यह भी बताया कि इस भूमि पर पहले से “विनायक रेसीडेंसी” नामक होटल का निर्माण हो चुका है, जिसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तहसील सागर के पटवारी हल्का बारछा अंतर्गत ग्राम चिटाई के खसरा नंबर 4/2, 27/3, 32/2, 37/1, 25, 2 और 3 से संबंधित राजस्व अभिलेख उपलब्ध हैं। वहीं खसरा नंबर 02, 03, 10 और 19 पर कथित बेजा कब्जे की स्थिति पर जानकारी परिशिष्ट “स” में रखी गई है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस संबंध में अब तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है और न ही ग्रामीणों ने कोई असंतोष व्यक्त किया है। यह मामला फिलहाल सागर न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए—सवाल जो आम जनता की समस्याओं और उनकी उम्मीदों से जुड़े हैं। लेकिन क्या इन सवालों के जो जवाब मिले, वे आपको संतुष्ट करते हैं? हमें अपने जवाब editor@matdaan.com में प्रेषित करें।
लेखक- राहुल दुबे (सहायक मतदान.कॉम )
संबंधित जानकारी हेतु - मध्य प्रदेश विधानसभा ,प्रश्नोत्तरी – सूची ,मार्च 2025 सत्र, सोमवार दिनांक 24 मार्च 2025 , तार्किक प्रश्न उत्तर ।
वेबसाईट- https://mpvidhansabha.nic.in/




Comments