विधानसभा: आम नागरिक के सवाल ( बीसवी कड़ी )
- Rahul Dubey

- Jun 3
- 3 min read
प्रस्तुत करते हैं एक सीरीज जिसमें मध्य प्रदेश विधान सभा के विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं, प्रश्नों एवं उनके उत्तरों का आम नागरिक के सरोकार स्पष्ट होता है।
ये सवाल मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए हैं। इस प्रश्नोत्तरी को आम नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। क्यों जरूरी हैं? क्योंकि ये सवाल हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों से पूछे गए हैं। सीधे शब्दों में कहें तो ये सवाल हमारे ही हैं! हमें यह जानना चाहिए कि जिन नेताओं को हमने चुना, क्या वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं या नहीं? आइए, मिलकर इन सवालों के जवाब तलाशें।
इस सीरीज कि बीसवी कड़ी में श्री हेमंत सत्यदेव कटारे जी जो भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के विपक्ष के उपनेता भी हैं, उनके द्वारा किए गए प्रश्नों को जानने का प्रयास करते हैं - नेता प्रतिपक्ष का प्रश्न (क्र. 2553) क्या उच्च शिक्षा मंत्री महोदय यह बताने की कृपा करेंगे कि (क) म.प्र. शासन उच्च शिक्षा विभाग के आदेश कमांक 21-1/2018/38-2/21/3/2018 के माध्यम से शासकीय महाविद्यालयों में गैर शैक्षणिक पद निर्माण संबंधी नीति निर्धारित कर प्रदेश के 1000 से अधिक विद्यार्थी संकाय वाले सभी महाविद्यालय में रजिस्ट्रार का एक पद स्वीकृत करने हेतु दिये निर्देशों में क्या कार्यवाही की गई है? यदि नहीं, तो क्यों? (ख) प्रदेश में खोले गये 52 पी.एम.एक्सीलेंस महाविद्यालय में छात्र हित में रजिस्ट्रार का पद कब स्वीकृत कर पद की डीपीआर कब तक तैयार की जावेगी? (ग) आयुक्त उच्च शिक्षा के आदेश क्रमांक/56/62/आउशि/आईटी/सेल/2015 दिनांक 16/06/2015 द्वारा शासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत अधिकारियों/कर्मचारियों की बायोमेट्रिक ऑनलाईन उपस्थिति बायोमेट्रिक मशीन क्रय करने का भुगतान जनभागीदारी मद से किया गया था?, क्या यह सेवा समाप्त कर दी गई है? यदि हाँ तो राज्य शासन द्वारा आदेश कब जारी किये गये? (घ) उच्च शिक्षा आयुक्त के आदेश से सार्थक एप से समस्त शैक्षणिक संवर्ग के प्राचार्य, क्रीड़ाधिकारी, ग्रंथपाल, अतिथि विद्वान ऑनलाईन उपस्थिति दर्ज की जाती है। क्या जिन अधिकारियों/कर्मचारियों पर स्मार्ट फोन नहीं है उन्हें उपस्थिति दर्ज करने के लिये क्या राज्य शासन मोबाइल क्रय कर उपलब्ध करायेगी? यदि नहीं, तो क्यों? क्या शासन सार्थक एप के माध्यम से कर्मचारी की गोपनीयता भंग नहीं होने की गारंटी प्रदान करेगा? यदि नहीं, तो क्यों?

इन प्रशन्नो पर उन्हे प्राप्त उत्तर इस प्रकार है: उच्च शिक्षा मंत्री (श्री इन्दर सिंह परमार): (क) प्रशासकीय आवश्यकता के अनुसार पद निर्माण किये जाते हैं। शेष प्रश्नांश उपस्थित नहीं होता। (ख) समय-सीमा बताया जाना संभव नहीं है। (ग) जी हाँ। जी नहीं, ऑनलाईन उपस्थिति को सुनिश्चित करने के लिए प्रोन्नत करते हुए वर्तमान में ऑनलाईन उपस्थिति सार्थक एप के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश हैं। शेष प्रश्नांश उपस्थित नहीं होता। (घ) जी नहीं, उपस्थिति दर्ज करने के लिये स्मार्टफोन आवश्यक नहीं है। अन्य संसाधन के माध्यम से भी उपस्थिति दर्ज की जा सकती है। शेष प्रश्नांश उपस्थित नहीं होता। गोपनीयता भंग नहीं होती है। शेष प्रश्नांश उपस्थित नहीं होता।
जाहीर है कि सवाल एवं उसके जवाब पेंचीदा हैं। इनको आसान भाषा में समझना आवश्यक है।
सवाल : - श्री हेमंत सत्यदेव कटारे ने पूछा है कि क्या 21 मार्च 2018 के आदेश अनुसार 1000 से अधिक विद्यार्थियों वाले शासकीय महाविद्यालयों में रजिस्ट्रार पद स्वीकृत किए गए हैं और यदि नहीं तो क्यों? 52 एक्सीलेंस महाविद्यालयों में यह पद कब स्वीकृत होगा और डीपीआर कब तक तैयार की जाएगी? 16 जून 2015 के आदेश अनुसार जनभागीदारी मद से खरीदी गई बायोमेट्रिक मशीनों की सेवा क्या समाप्त कर दी गई है और यदि हां, तो इसके आदेश कब जारी हुए? सार्थक एप से उपस्थिति दर्ज कराने के लिए जिन अधिकारियों-कर्मचारियों के पास स्मार्टफोन नहीं हैं, क्या उन्हें सरकार मोबाइल उपलब्ध कराएगी और क्या एप से गोपनीयता सुरक्षित रहेगी, यदि नहीं तो क्यों?
जवाब :- उच्च शिक्षा मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने उत्तर में कहा कि पदों का निर्माण प्रशासकीय आवश्यकता के अनुसार किया जाता है, अतः शेष प्रश्न लागू नहीं होते। रजिस्ट्रार पद की स्वीकृति और डीपीआर की समय-सीमा बताना संभव नहीं है। जनभागीदारी मद से खरीदी गई बायोमेट्रिक मशीनों की सेवा समाप्त कर दी गई है, और अब उपस्थिति दर्ज करने के लिए सार्थक एप के माध्यम से प्रक्रिया अपनाई गई है, शेष प्रश्न प्रासंगिक नहीं हैं। स्मार्टफोन की अनिवार्यता नहीं है, अन्य संसाधनों से भी उपस्थिति दर्ज की जा सकती है और सार्थक एप से कर्मचारियों की गोपनीयता भंग नहीं होती, बाकी प्रश्न लागू नहीं होते।
मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए—सवाल जो आम जनता की समस्याओं और उनकी उम्मीदों से जुड़े हैं। लेकिन क्या इन सवालों के जो जवाब मिले, वे आपको संतुष्ट करते हैं? हमें अपने जवाब editor@matdaan.com में प्रेषित करें।
लेखक- राहुल दुबे
संबंधित जानकारी हेतु - मध्य प्रदेश विधानसभा ,प्रश्नोत्तरी – सूची ,मार्च 2025 सत्र, गुरुवार दिनांक 13 मार्च 2025 , तार्किक प्रश्न उत्तर ।
वेबसाईट- https://mpvidhansabha.nic.in/




Comments