विधानसभा: आम नागरिक के सवाल ( आठवी कड़ी )
- Rahul Dubey
- May 12
- 4 min read
प्रस्तुत करते हैं एक सीरीज जिसमें मध्य प्रदेश विधान सभा के विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं, प्रश्नों एवं उनके उत्तरों का आम नागरिक के सरोकार स्पष्ट होता है।
ये सवाल मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए हैं। इस प्रश्नोत्तरी को आम नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। क्यों जरूरी हैं? क्योंकि ये सवाल हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों से पूछे गए हैं। सीधे शब्दों में कहें तो ये सवाल हमारे ही हैं! हमें यह जानना चाहिए कि जिन नेताओं को हमने चुना, क्या वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं या नहीं? आइए, मिलकर इन सवालों के जवाब तलाशें।
इस सीरीज कि आठवी कड़ी में श्री हेमंत सत्यदेव कटारे जी जो भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के विपक्ष के उपनेता भी हैं, उनके द्वारा किए गए प्रश्नों को जानने का प्रयास करते हैं - नेता प्रतिपक्ष का प्रश्न (क्र. 1457) क्या परिवहन मंत्री महोदय यह बताने की कृपा करेंगे कि (क) वर्तमान परिवहन आयुक्त के स्टेनो/निज सहायक के पद पर पदस्थ श्री सत्य प्रकाश शर्मा, पूर्व परिवहन निरीक्षक सर्वश्री दशरथ पटेल और अलीम खान तथा वर्तमान परिवहन निरीक्षक सर्वश्री वीरेश तुमराव व किशेर सिंह बघेल के विरुद्ध अब तक ई.ओ.डब्ल्यू. और लोकायुक्त में की गई शिकायतों की पूर्ण जानकारी सहित प्राप्त शिकायतों की जिन-जिन अधिकारियों ने जाँच की? शिकायत जाँचकर्ता अधिकारी के नाम सहित सभी शिकायतें व उनके जाँच प्रतिवेदनों सहित उससे संबंधित समस्त दस्तावेजों की छायाप्रतियां उपलब्ध करायी जावे। (ख) प्रश्नांश (क) में उल्लेखित समस्त वर्तमान एवं पूर्व अधिकारी/कर्मचारियों ने अब तक कितनी विदेश यात्राएं की गई तथा की गई विदेश यात्राओं को कब-कब विभाग से अनुमति प्राप्त की? पूर्ण जानकारी सहित अनुमति से लेकर स्वीकृति तक के संपूर्ण दस्तावेजों की छायाप्रतियां उपलब्ध करायी जावे। (ग) प्रश्नांश (क) में उल्लेखित समस्त वर्तमान एवं पूर्व अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा विभाग में हुई नियुक्ति की ज्वाईनिंग के समय प्रस्तुत किये चल-अचल संपत्तियों के विवरण सहित संपूर्ण सेवाकाल के दौरान प्रस्तुत की गई वार्षिक चल-अचल सम्पत्ति विवरणी की छायाप्रतियां उपलब्ध करायी जायें। (घ) उपरोक्त सभी अधिकारी/कर्मचारियों के विरुदध प्राप्त शिकायतों की जाँच के आधार पर कब-कब आरोप-पत्र जारी किये गये? पूर्ण जानकारी उपलब्ध करायी जावे।

इन प्रशन्नो पर उन्हे प्राप्त उत्तर इस प्रकार है: परिवहन मंत्री (श्री उदय प्रताप सिंह): (क) लोकायुक्त कार्यालय, मध्यप्रदेश से प्राप्त जानकारी पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट "अ" अनुसार तथा आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, मध्यप्रदेश से प्राप्त जानकारी पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट-"ब" अनुसार है। (ख) कार्यालयीन अभिलेखानुसार सर्व श्री दशरथ पटेल, वीरेश तुमराम, किशोर सिंह बघेल द्वारा विदेश यात्रा हेतु विभाग से कोई अनुमति प्राप्त नहीं की गयी है। श्री अलीम खान, परिवहन निरीक्षक (स्वैच्छिक सेवानिवृत) द्वारा की गई विदेश यात्राओं की अनुमति पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट-"स" अनुसार है। श्री सत्यप्रकाश शर्मा निज सहायक, परिवहन आयुक्त द्वारा सक्षम स्वीकृति प्राप्त किए बिना विदेश यात्रा की गई है, विदेश यात्रा हेतु स्वीकृत अवकाश की प्रति पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट "द" अनुसार है। (ग) कार्यालय में उपलब्ध रिकॉर्ड अनुसार परिवहन आयुक्त के स्टेनो/निज सहायक श्री सत्यप्रकाश शर्मा के वर्ष 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2015, 2016, 2017, 2018, 2019, 2020, 2021, 2022-23, 2023-24, श्री दशरथ पटेल भूतपूर्व परिवहन निरीक्षक के वर्ष 2010 श्री अलीम खान, भूतपूर्व परिवहन निरीक्षक के वर्ष 2009-10, 2011, 2012, 2013, 2014, 2015, 2016, 2017, 2018, 2019 श्री वीरेश तुमराम, परिवहन निरीक्षक वर्ष 2007 से 2010, 2020, 2021, 2022, 2023, 2024 तथा श्री किशोर सिंह बघेल, परिवहन निरीक्षक वर्ष 2003 के अचल संपत्ति पत्रक उपलब्ध हैं, जिनकी छायाप्रति पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट "य" अनुसार है। एवं "ब" अनुसार है।
जाहीर है कि सवाल एवं उसके जवाब पेंचीदा हैं। इनको आसान भाषा में समझना आवश्यक है।
सवाल : - क्या परिवहन मंत्री यह स्पष्ट करेंगे कि वर्तमान व पूर्व परिवहन अधिकारियों एवं कर्मचारियों—जैसे श्री सत्य प्रकाश शर्मा, दशरथ पटेल, अलीम खान, वीरेश तुमराव और किशेर सिंह बघेल—के विरुद्ध ईओडब्ल्यू और लोकायुक्त में की गई शिकायतों की स्थिति, जाँच अधिकारी, जाँच प्रतिवेदन, विदेश यात्राओं की संख्या व अनुमति, नियुक्ति के समय व सेवा काल में प्रस्तुत संपत्ति विवरण, तथा शिकायतों के आधार पर जारी आरोप-पत्रों की पूरी जानकारी और संबंधित दस्तावेजों की छायाप्रतियाँ उपलब्ध कराई जाएँ?
जवाब :- परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि श्री सत्यप्रकाश शर्मा, दशरथ पटेल, अलीम खान, वीरेश तुमराम और किशोर सिंह बघेल के खिलाफ लोकायुक्त और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ में जो शिकायतें हुई हैं, उनकी पूरी जानकारी संबंधित दस्तावेज़ों के साथ पुस्तकालय में रखे परिशिष्ट "अ" और "ब" में उपलब्ध है। विदेश यात्राओं के बारे में बताया गया कि दशरथ पटेल, वीरेश तुमराम और किशोर सिंह बघेल ने विभाग से कोई अनुमति नहीं ली थी। अलीम खान की विदेश यात्राओं की जानकारी और अनुमति संबंधित दस्तावेज़ परिशिष्ट "स" में दी गई है। वहीं, श्री सत्यप्रकाश शर्मा ने बिना स्वीकृति के विदेश यात्रा की थी, जिसकी जानकारी परिशिष्ट "द" में दर्ज है। इन सभी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा नियुक्ति से लेकर सेवा के दौरान दिए गए संपत्ति विवरण भी रिकॉर्ड में मौजूद हैं, जिनकी प्रतियाँ परिशिष्ट "य" में उपलब्ध हैं।
मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए—सवाल जो आम जनता की समस्याओं और उनकी उम्मीदों से जुड़े हैं। लेकिन क्या इन सवालों के जो जवाब मिले, वे आपको संतुष्ट करते हैं? हमें अपने जवाब editor@matdaan.com में प्रेषित करें।
लेखक- राहुल दुबे
संबंधित जानकारी हेतु - मध्य प्रदेश विधानसभा ,प्रश्नोत्तरी – सूची ,मार्च 2025 सत्र, गुरुवार दिनांक 13 मार्च 2025 , तार्किक प्रश्न उत्तर ।
Comments