विधानसभा: आम नागरिक के सवाल( इक्कीसवी कड़ी )
- Rahul Dubey
- Apr 20
- 2 min read
प्रस्तुत करते हैं एक सीरीज जिसमें मध्य प्रदेश विधान सभा के विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं, प्रश्नों एवं उनके उत्तरों का आम नागरिक के सरोकार स्पष्ट होता है।
ये सवाल मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए हैं। इस प्रश्नोत्तरी को आम नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। क्यों जरूरी हैं? क्योंकि ये सवाल हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों से पूछे गए हैं। सीधे शब्दों में कहें तो ये सवाल हमारे ही हैं! हमें यह जानना चाहिए कि जिन नेताओं को हमने चुना, क्या वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं या नहीं? आइए, मिलकर इन सवालों के जवाब तलाशें।
इस सीरीज कि इक्कीसवी कड़ी में श्री उमंग सिंघार जी जो धार जिले की गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के नेता प्रतिपक्ष भी हैं, उनके द्वारा किए गए प्रश्नों को जानने का प्रयास करते हैं - नेता प्रतिपक्ष का प्रश्न (क्र. 2706) क्या मुख्यमंत्री महोदय यह बताने की कृपा करेंगे कि (क) क्या सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन में अनियमितताओं के संबंध में गठित जांच आयोग की रिपोर्ट मंत्रि-परिषद् समिति का परीक्षण प्रतिवेदन दिनांक 06.07.2023 को सौंपा गया है? (ख) प्रश्नांश (क) के प्रकाश में प्रतिवेदन पर कार्यवाही अभी तक नहीं होने के क्या कारण है? कब तक कार्यवाही कर दी जावेगी? (ग) विलंब के लिये क्या कोई उत्तरदायित्व निर्धारित किया गया है?

उन्हे प्राप्त उत्तर इस प्रकार है: (क) जी नहीं (ख) उत्तरांश (क) के प्रकाश में प्रश्न उपस्थित नहीं होता (ग) शेष उत्तरांश उपस्थित नहीं होता।
जाहीर है कि सवाल एवं उसके जवाब पेंचीदा हैं। इनको आसान भाषा में समझना आवश्यक है।
सवाल : मुख्यमंत्री महोदय यह बताने की कृपा करेंगे कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन व राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन में अनियमितताओं पर बनी जांच आयोग की रिपोर्ट मंत्रिपरिषद समिति को 6 जुलाई 2023 को दी गई?अगर हां, तो अब तक उस पर कार्यवाही क्यों नहीं हुई और कब तक होगी?क्या देरी के लिए किसी की जिम्मेदारी तय की गई है?
जवाब: - मुख्यमंत्री ने बताया कि जांच आयोग की रिपोर्ट मंत्रिपरिषद समिति को नहीं सौंपी गई है इसलिए उस पर कार्यवाही का प्रश्न ही नहीं उठता और विलंब या उत्तरदायित्व निर्धारित करने का भी कोई प्रसंग नहीं है।
मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए—सवाल जो आम जनता की समस्याओं और उनकी उम्मीदों से जुड़े हैं। लेकिन क्या इन सवालों के जो जवाब मिले, वे आपको संतुष्ट करते हैं? हमें अपने जवाब editor@matdaan.com में प्रेषित करें।
लेखक- राहुल दुबे
संबंधित जानकारी हेतु - मध्य प्रदेश विधानसभा ,प्रश्नोत्तरी – सूची ,मार्च 2025 सत्र, शुक्रवार दिनांक 21 मार्च 2025 , तार्किक प्रश्न उत्तर ।
वेबसाईट- https://mpvidhansabha.nic.in/
Comments