top of page

विधानसभा: आम नागरिक के सवाल ( चौथी कड़ी )

Updated: May 2

प्रस्तुत करते हैं एक सीरीज जिसमें मध्य प्रदेश विधान सभा के विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं, प्रश्नों एवं उनके उत्तरों का आम नागरिक के सरोकार स्पष्ट होता है।


ये सवाल मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए हैं। इस प्रश्नोत्तरी को आम नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। क्यों जरूरी हैं? क्योंकि ये सवाल हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों से पूछे गए हैं। सीधे शब्दों में कहें तो ये सवाल हमारे ही हैं! हमें यह जानना चाहिए कि जिन नेताओं को हमने चुना, क्या वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं या नहीं? आइए, मिलकर इन सवालों के जवाब तलाशें।


इस सीरीज कि चौथी कड़ी में श्री हेमंत सत्यदेव कटारे जी जो भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के विपक्ष के उपनेता भी हैं, उनके द्वारा किए गए प्रश्नों को जानने का प्रयास करते हैं - नेता प्रतिपक्ष का प्रश्न (क्र. 889)  क्या महिला एवं बाल विकास मंत्री महोदया यह बताने की कृपा करेंगी कि (क) क्या श्री राहुल गुप्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी अटेर, जिला भिण्ड के विरुद्ध टेक होम राशन के भण्डारण एवं वितरण में अनियमितताएं, अभिलेख संधारण एवं मॉनिटरिंग में कमी, पदेन कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही, सक्षम अधिकारी से बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने संबंधी शिकायत में संचालनालय भोपाल द्वारा कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था? (ख) यदि हाँ, तो क्या उक्त जारी कारण बताओ सूचना पत्र के जवाब में कलेक्टर भिण्ड द्वारा दिये अभिमत में श्री गुप्ता को दोषी पाया गया? यदि हां, तो दोषी के विरुद्ध क्या कार्यवाही की गई? स्पष्ट करते हुये जानकारी दी जाये। (ग) क्या जिला भिण्ड के महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को 10, 20 एवं 30 वर्ष सेवा पूर्ण करने पर शासन के नियमानुसार देय समयमान वेतनमान जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग भिण्ड के आदेश क्र.म.वा.वि/स्था/5002-5003, दि.21.08.2023 द्वारा स्वीकृति प्रदान करने के उपरान्त लगभग 01 वर्ष की समयावधि व्यतीत होने पर भी कर्मचारियों को वित्तीय लाभ आज दिनांक तक प्रदान नहीं कर गंभीर लापरवाही बरती गई है? यदि हाँ, तो जिम्मेदार के ऊपर क्या कार्यवाही की गई? स्वीकृति अनुसार कर्मचारियों को वित्तीय लाभ कब तक प्रदान कर दिया जावेगा समय-सीमा बताई जावे।


इन प्रशन्नो पर उन्हे प्राप्त उत्तर इस प्रकार है: महिला एवं बाल विकास मंत्री (सुश्री निर्मला भूरिया): (क) जी हां। (ख) जी हां। संचालनालय के ज्ञाप क्रमांक 4612 दिनांक 20/09/2022 द्वारा श्री राहुल गुप्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी को आरोप पत्रादि जारी किये गये हैं। (ग) जी हां, कुल 16 कर्मचारियों को समयमान वेतनमान स्वीकृति उपरांत 09 कर्मचारियों को 01 वर्ष समयावधि व्यतीत होने पर भी वित्तीय लाभ प्रदान नहीं किया गया है। संचालनालय स्तर पर प्रकरण संज्ञान में आने के उपरांत संचालनालय के ज्ञाप दिनांक 28/02/2025 द्वारा श्री संजय जैन, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जिला भिण्ड को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। शेष 09 कर्मचारियों का वेतन निर्धारण कर प्रकरण कोष एवं लेखा ग्वालियर को प्रेषित किया गया है, सत्यापन उपरांत वित्तीय लाभ प्रदान किया जाएगा।

 

जाहीर है कि सवाल एवं उसके जवाब पेंचीदा हैं। इनको आसान भाषा में समझना आवश्यक है।


सवाल : - श्री हेमंत सत्यदेव कटारे ने महिला एवं बाल विकास मंत्री से यह सवाल पूछा कि क्या श्री राहुल गुप्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी अटेर, जिला भिण्ड के खिलाफ टेक होम राशन के भण्डारण, वितरण, अभिलेख संधारण, मॉनिटरिंग में कमी और कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के कारण कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। अगर हां, तो कलेक्टर भिण्ड ने उसे दोषी पाया और दोषी के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। इसके अलावा, उन्होंने यह भी पूछा कि भिण्ड जिले के तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को 10, 20 और 30 साल की सेवा पूरी करने पर मिलने वाले समयमान वेतनमान के वित्तीय लाभ में देरी क्यों हो रही है, और इस पर क्या जिम्मेदारी तय की गई है।


जवाब :- महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जवाब देते हुए कहा कि श्री राहुल गुप्ता, बाल विकास परियोजना अधिकारी, अटेर, जिला भिण्ड के खिलाफ आरोप पत्र जारी किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 16 कर्मचारियों को समयमान वेतनमान स्वीकृत किया गया था, लेकिन 9 कर्मचारियों को एक वर्ष बीतने के बाद भी वित्तीय लाभ नहीं दिया गया। इस पर संचालनालय ने जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय जैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बाकी 9 कर्मचारियों का वेतन निर्धारण कर, सत्यापन के बाद वित्तीय लाभ प्रदान किया जाएगा।



मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए—सवाल जो आम जनता की समस्याओं और उनकी उम्मीदों से जुड़े हैं। लेकिन क्या इन सवालों के जो जवाब मिले, वे आपको संतुष्ट करते हैं? हमें अपने जवाब editor@matdaan.com में प्रेषित करें।


लेखक- राहुल दुबे


संबंधित जानकारी हेतु - मध्य प्रदेश विधानसभा ,प्रश्नोत्तरी – सूची ,मार्च 2025 सत्र, बुधवार दिनांक 12 मार्च 2025 , तार्किक प्रश्न उत्तर ।   


वेबसाईट- https://mpvidhansabha.nic.in/

Comments


bottom of page