विधानसभा: आम नागरिक के सवाल( छव्बीसवी कड़ी )
- Rahul Dubey
- Apr 25
- 3 min read
प्रस्तुत करते हैं एक सीरीज जिसमें मध्य प्रदेश विधान सभा के विभिन्न सत्रों में हुई चर्चाओं, प्रश्नों एवं उनके उत्तरों का आम नागरिक के सरोकार स्पष्ट होता है।
ये सवाल मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष द्वारा उठाए गए हैं। इस प्रश्नोत्तरी को आम नागरिक के लिए जानना जरूरी हैं। क्यों जरूरी हैं? क्योंकि ये सवाल हमारे द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों से पूछे गए हैं। सीधे शब्दों में कहें तो ये सवाल हमारे ही हैं! हमें यह जानना चाहिए कि जिन नेताओं को हमने चुना, क्या वे हमारी उम्मीदों पर खरे उतरे हैं या नहीं? आइए, मिलकर इन सवालों के जवाब तलाशें।
इस सीरीज कि छव्बीसवी कड़ी में श्री उमंग सिंघार जी जो धार जिले की गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक और मध्य प्रदेश सरकार के नेता प्रतिपक्ष भी हैं, उनके द्वारा किए गए प्रश्नों को जानने का प्रयास करते हैं - नेता प्रतिपक्ष का प्रश्न (क्र. 2921) क्या स्कूल शिक्षा मंत्री महोदय यह बताने की कृपा करेंगे कि (क) मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत कितने बालक/बालिकाओं को वर्तमान स्थिति में स्कूटी प्रदाय की जानी है? (ख) प्रश्नांश (क) के प्रकाश में विगत दो वर्षों में कितनी राशि का प्रावधान किया गया तथा कितना आवंटन किया गया? (ग) प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कितने लैपटॉप प्रदाय किये जाना है? वर्तमान स्थिति की जानकारी दें। (घ) विगत दो वर्षों में कितनी राशि का प्रावधान किया गया तथा कितना आवंटन किया गया? (ड.) योजना का प्रचलन कब तक जारी रहेगा?

उन्हे प्राप्त उत्तर इस प्रकार है:स्कूल शिक्षा मंत्री (श्री उदय प्रताप सिंह): (क) वर्तमान स्थिति में लगभग 7832 पात्र छात्र-छात्राओं को स्कूटी प्रदाय की जा रही है। (ख) वित्तीय वर्ष 2023-24 में राशि रु. 93.60 करोड़ एवं वर्ष 2024-25 में राशि रु. 90.00 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया था एवं प्रावधानित राशि का आवंटन जारी किया गया। (ग) योजनांतर्गत लैपटॉप का प्रदाय नहीं किया जाता है। शिक्षण सत्र 2023-24 के 89710 पात्र विद्यार्थियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 में लैपटॉप हेतु प्रति विद्यार्थी राशि रु. 25000/- विद्यार्थियों के बैंक खातो में प्रदाय की गई। (घ) वित्तीय वर्ष 2023-24 में राशि रु. 46.60 करोड़ का एवं वित्तीय वर्ष 2024-25 में राशि. रु. 229.27 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया एवं प्रावधानित राशि का आवंटन जारी किया गया। (ड.) वर्तमान में दोनों योजना संचालित है।
जाहीर है कि सवाल एवं उसके जवाब पेंचीदा हैं। इनको आसान भाषा में समझना आवश्यक है।
सवाल : मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत वर्तमान में कितने छात्रों को स्कूटी दी जानी है। साथ ही, पिछले दो वर्षों में इस योजना के लिए कितनी राशि का प्रावधान और कितना आवंटन किया गया है। इसके अतिरिक्त यह भी जानकारी मांगी गई है कि मेधावी विद्यार्थियों को कितने लैपटॉप दिए जाने हैं और वर्तमान स्थिति क्या है। इसके लिए विगत दो वर्षों में कितनी राशि का प्रावधान और आवंटन हुआ, इसकी भी जानकारी चाही गई है। अंत में यह पूछा गया है कि यह योजना कब तक जारी रहेगी।
जवाब: - स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूटी योजना के तहत वर्तमान में 7832 छात्रों को स्कूटी दी जा रही है। वर्ष 2023-24 में 93.60 करोड़ और 2024-25 में 90 करोड़ रुपये का प्रावधान एवं आवंटन हुआ। लैपटॉप योजना में 2023-24 के 89,710 छात्रों को 2024-25 में प्रति छात्र 25,000 रुपये बैंक खातों में दिए गए। इसके लिए क्रमशः 46.60 करोड़ और 229.27 करोड़ का बजट तय और आवंटित किया गया। दोनों योजनाएँ वर्तमान में चालू हैं।
मध्यप्रदेश विधानसभा में विपक्ष ने कुछ महत्वपूर्ण सवाल उठाए—सवाल जो आम जनता की समस्याओं और उनकी उम्मीदों से जुड़े हैं। लेकिन क्या इन सवालों के जो जवाब मिले, वे आपको संतुष्ट करते हैं? हमें अपने जवाब editor@matdaan.com में प्रेषित करें।
लेखक- राहुल दुबे
संबंधित जानकारी हेतु - मध्य प्रदेश विधानसभा ,प्रश्नोत्तरी – सूची ,मार्च 2025 सत्र, सोमवार दिनांक 24 मार्च 2025 , तार्किक प्रश्न उत्तर ।
वेबसाईट- https://mpvidhansabha.nic.in/
Comments